मलयालम साहित्य की दादी ‘नालापत बालमणि अम्मा’

मलयालम भाषा की प्रसिद्ध कवियित्री स्व. नालापत बालमणि अम्मा। नालापत बालमणि अम्मा की गणना बीसवीं शताब्दी की चर्चित व प्रतिष्ठित मलयालम कवयित्रियों में की जाती है। उनकी रचनाएँ एक ऐसे अनुभूति मंडल का साक्षात्कार कराती हैं, जो मलयालम में अदृष्टपूर्व है। आधुनिक मलयालम की सबसे सशक्त कवयित्रियों में से एक होने के कारण नालापत बालमणि अम्मा को “मलयालम साहित्य की दादी” कहा जाता है। उन्होंने ५०० से अधिक कविताएँ लिखी।
नालापत बालमणि अम्मा केरल की राष्ट्रवादी साहित्यकार थीं। उन्होंने राष्ट्रीय उद्बोधन वाली कविताओं की रचना की। वे मुख्यतः वात्सल्य, ममता, मानवता के कोमल भाव की कवयित्री के रूप में विख्यात हैं। फिर भी स्वतंत्रतारूपी दीपक की उष्ण लौ से भी वे अछूती नहीं रहीं। सन १९२९-१९३९ के बीच लिखी उनकी कविताओं में देशभक्ति, गाँधी का प्रभाव, स्वतंत्रता की चाह स्पष्ट परिलक्षित होती है। इसके बाद भी उनकी रचनाएँ प्रकाशित होती रहीं। अपने सृजन से वे भारतीय आजादी में अनोखा कार्य किया। उन्होंने अपनी किशोरावस्था में ही अनेक कवितायें लिख ली थीं, जो पुस्तकाकार रूप में उनके विवाह के बाद प्रकाशित हुईं। उनके पति ने उन्हें साहित्य सृजन के लिए पर्याप्त अवसर दिया। उनकी सुविधा के लिए घर के काम-काज के साथ-साथ बच्चों को संभालने के लिए अलग से नौकर-चाकर लगा दिये थे, ताकि वे पूरा समय लेखन को समर्पित कर सकें।
नालापत बालमणि अम्मा विवाहोपरांत अपने पति के साथ कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) में रहने लगीं थीं। कलकत्ता निवास के अनुभवों ने उनकी काव्य चेतना को अत्यंत प्रभावित किया। अपनी प्रथम प्रकाशित और चर्चित कविता ‘कलकत्ते का काला कुटिया’ उन्होंने अपने पतिदेव के अनुरोध पर लिखी थी, जबकि अंतरात्मा की प्रेरणा से लिखी गई उनकी पहली कविता ‘मातृचुंबन’ है। स्वतन्त्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी का प्रभाव उनके लिए अपरिहार्य बन गया। उन्होंने खादी पहनी और चरखा काता। उनकी प्रारंभिक कविताओं में से एक ‘गौरैया’ शीर्षक कविता उस दौर में अत्यंत लोकप्रिय हुई। इसे केरल की पाठ्य-पुस्तकों में सम्मिलित किया गया। बाद में उन्होंने गर्भधारण, प्रसव और शिशु पोषण के स्त्रीजनित अनुभवों को अपनी कविताओं में पिरोया। इसके एक दशक बाद उन्होंने घर और परिवार की सीमाओं से निकलकर अध्यात्मिकता के क्षेत्र में दस्तक दी। तब तक यह क्षेत्र उनके लिए अपरिचित जैसा था।
हिन्दू शास्त्रों का सहज ज्ञान उन्हें पहले से ही था। इसलिए थियोसाफ़ी और हिन्दू मनीषा का संयोजित स्वरूप ही उनके विचारों के रूप में लेखन में उतरा। नालापत बालमणि अम्मा के दो दर्जन से अधिक काव्य-संकलन, कई गद्य-संकलन और अनुवाद प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने छोटी अवस्था से ही कविताएँ लिखना शुरू कर दिया था। उनकी पहली कविता “कूप्पुकई” १९३० में प्रकाशित हुई थी। उन्हें सर्वप्रथम कोचीन ब्रिटिश राज के पूर्व शासक राम वर्मा परीक्षित थंपूरन के द्वारा “साहित्य निपुण पुरस्कारम” प्रदान किया गया। १९८७ में प्रकाशित “निवेद्यम” उनकी कविताओं का चर्चित संग्रह है। कवि एन. एन. मेनन की मौत पर शोकगीत के रूप में उनका एक संग्रह “लोकांठरांगलील” नाम से आया था। उनकी कविताएँ दार्शनिक विचारों एवं मानवता के प्रति अगाध प्रेम की अभिव्यक्ति होती हैं। बच्चों के प्रति प्रेम-पगी कविताओं के कारण मलयालम-कविता में वे “अम्मा” और “दादी” के नाम से समादृत हैं। केरल साहित्य अकादमी, अखितम अच्युतन नंबूथरी में एक यादगार वक्तव्य के दौरान उन्हें “मानव महिमा के नबी” के रूप में वर्णित किया गया था और कविताओं की प्रेरणास्त्रोत कहा गया था। उन्हें १९८७ में भारत सरकार ने साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया था।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here