मुंशी प्रेमचंद के बाद यथार्थवादी विचारधारा के प्रमुख कहानीकार अमरकांत

हिंदी भाषा के प्रसिद्ध कहानीकार स्व. अमरकांत जी। वे हिन्दी कथा साहित्य में प्रेमचंद के बाद यथार्थवादी धारा के प्रमुख कहानीकार थे। ‘प्रयाग विश्वविद्यालय’ से स्नातक करने के बाद अमरकांत ने निश्चय कर लिया था कि उन्हें हिन्दी साहित्य की सेवा करनी है। मन में पत्रकार बनने की इच्छा थी, और उन्होंने आगरा शहर से निकलने वाले दैनिक पत्र ‘सैनिक’ से अपनी नौकरी की शुरूआत की। यहीं पर अमरकांत की मुलाकात विश्वनाथ भटेले से हुई, जो अमरकांत के साथ ‘सैनिक’ में ही कार्यरत थे। विश्वनाथ, अमरकांत को अपने साथ आगरा के प्रगतिशील लेखक संघ की बैठक में ले जाने लगे। इन्हीं बैठकों में अमरकांत की मुलाकात डॉ. रामविलास शर्मा, राजेन्द्र यादव, रवी राजेन्द्र व रघुवंशी जैसे साहित्यकारों से हुई। अमरकांत ने अपनी पहली कहानी ‘इंटरव्यू’ इसी प्रगतिशील लेखक संघ में सुनायी थी, जिसे सभी लोगों ने सराहा।
अमरकांत जी के व्यक्तित्व के निर्माण में उनके व्यक्तिगत संघर्ष की अहम भूमिका थी। उन्होंने कभी भी परिस्थितियों के आगे घुटने नहीं टेके। हर हाल में वे एक आम व्यक्ति की तरह संघर्ष करते रहे, शोषण का शिकार होते रहे और पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन के लिए हर तरह के कष्ट को गले लगाते रहे। उनका यही भोगा हुआ यथार्थ उनके कथा साहित्य में अपनी पूरी समग्रता के साथ प्रस्तुत हुआ है। उनके व्यक्तित्व की महत्त्वपूर्ण बात थी ‘ईमानदारी’। अमरकांत ने हमेशा अपना काम पूरी ईमानदारी के साथ किया। वे कई पत्र-पत्रिकाओं के संपादन कार्य से जुड़े रहे। इसके बावजूद वे ‘अवसरवादी’ नहीं बने। वे अपने अंदर एक सीमा के निर्धारण के साथ जीते रहे। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने स्वयं भी कभी उस सीमा का उल्लंघन नहीं किया। अमरकांत बाहर से जितने सुलझे व सहज लगते हैं वास्तव में अंदर से वे उतने ही उलझे और परेशान रहते। कारण यह था कि वे अपनी परेशानियों को अपने तक रखना पसंद करते थे और बाहर उसकी छाया भी नहीं पड़ने देना चाहते थे। पर यह प्राय: हो नहीं पाता था। उनके मित्र उनकी परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित थे। लेकिन वे यह भी जानते थे कि यह आदमी मर्यादाओं में रहने वाला है। अपने लाभ के लिए अमरकांत दूसरे का नुकसान नहीं कर सकते थे।
अमरकांत जी सदैव ही एक संकोची व्यक्ति रहे। आम जनता से जुड़ी हुई कोई भी बात उन्हें साधारण नहीं लगती थी। देश में होनेवाली हर महत्त्वपूर्ण घटना पर उनकी बारीक नज़र रहती थी। वे खुद यह कभी भी पसंद नहीं करते थे कि वे चर्चा के केन्द्र में रहें। इन सब बातों में उन्हें एक अलग तरह का संकोच होता था। सामान्य जनता, उससे जुड़ी हुई परेशानियाँ, जीवन और साहित्य इन सब में अमरकांत जी की गहरी संसक्ति थी। अमरकांत जी न केवल एक अच्छे साहित्यकार हे, बल्कि उतने ही अच्छे व्यक्ति भी थे। उनका व्यक्तित्व बिना किसी बनावट के एकदम साफ़ और सहज थे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here