छायावाद के तृतीय उत्थान के कवियों में महत्त्वपूर्ण स्थान रखनेवाले कवि आरसी प्रसाद सिंह

हिंदी भाषा के प्रसिद्ध कवि, कथाकार और एकांकीकार स्व. आरसी प्रसाद सिंह। छायावाद के तृतीय उत्थान के कवियों में महत्त्वपूर्ण स्थान रखनेवाले आरसी प्रसाद सिंह को जीवन और यौवन का कवि कहा जाता है। बिहार के श्रेष्ठ कवियों में इन्हें गिना जाता है। आरसी प्रसाद सिंह हिन्दी और मैथिली भाषा के ऐसे प्रमुख हस्ताक्षर थे, जिनकी रचनाओं को पढ़ना हमेशा ही दिलचस्प रहा है। इस महाकवि ने हिन्दी साहित्य में बालकाव्य, कथाकाव्य, महाकाव्य, गीतकाव्य, रेडियो रूपक एवं कहानियों समेत कई रचनाएँ हिन्दी एवं मैथिली साहित्य को समर्पित की थी। आरसी बाबू साहित्य से जुड़े रहने के अतिरिक्त राजनीतिक रूप से भी जागरूक एवं निर्भीक रहे। उन्होंने अपनी लेखनी से नेताओं पर कटाक्ष करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी थी।

अपनी शिक्षा पूर्ण करने के बाद आरसी प्रसाद सिंह की साहित्य लेखन की ओर रुचि बढ़ी। उनकी साहित्यिक रुचि एवं लेखन शैली से प्रभावित होकर रामवृक्ष बेनीपुरी ने उन्हें “युवक” समाचार पत्र में अवसर प्रदान किया। बेनीपुरी जी उन दिनों ‘युवक’ के संपादक थे। ‘युवक’ में प्रकाशित रचनाओं में उन्होंने ऐसे क्रांतिकारी शब्दों का प्रयोग किया था कि तत्कालीन अंग्रेज़ हुकूमत ने उनके ख़िला़फ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया था। उन्होंने अपनी लेखनी से नेताओं पर कटाक्ष करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने लिखा है कि- “बरसाती मेंढक से फूले, पीले-पीले गदराए, गाँव-गाँव से लाखों नेता खद्दरपोश निकल आए।” पर्यावरण एवं हरियाली के प्रति सदा सजग रहने वाले महाकवि आरसी बाबू पेड़-पौधों की हो रही अवैध कटाई से मर्माहत होकर एक स्थाप पर लिखते हैं कि- “आज अरण्य स्वयं रूदन करता है और उसका रूदन कोई नहीं सुनता। अरण्य का रूदन कोई सुनता तो उस पर भला कुल्हाड़ी ही क्यों चलाता?”

आरसी प्रसाद जी के व्यक्तित्व की बात की जाये तो उन्होंने कभी भी परवशता स्वीकार नहीं की। उम्र भर नियंत्रण के ख़िलाफ आक्रोश ज़ाहिर करते रहे। चालीस के दशक में जयपुर नरेश महाकवि आरसी को अपने यहाँ राजकवि के रूप में भी सम्मानित करना चाहते थे। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु उन्होंने काफ़ी आग्रह, अनुनय-विनय किया, परंतु आरसी बाबू ने चारणवृत्ति तथा राजाश्रय को ठुकरा दिया। ऐसी थी महाकवि आरसी की शख़्सियत। आचार्य रामचन्द्र शुक्ल, पाण्डेय बेचन शर्मा ‘उग्र’, राम कुमार वर्मा, डॉ. धीरेंद्र वर्मा, विष्णु प्रभाकर, शिव मंगल सिंह ‘सुमन’, बुद्धिनाथ मिश्र और अज्ञेय समेत कई रचनाकारों ने हिन्दी और मैथिली साहित्य के इस विभूति को सम्मान दिया।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here