ठुमरी की रानी – गिरिजा देवी

भारतीय शास्त्रीय संगीत – ठुमरी गायन को परिष्कृत करने तथा इसे लोकप्रिय बनाने में योगदान देनेवाली ज्येष्ठ गायिका स्व. गिरिजा देवी। वे सेनिया और बनारस घरानों की एक प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय गायिका थी। गिरिजा देवी जी का जन्म ८ मई, १९२९ को कला और संस्कृति की प्राचीन नगरी वाराणसी (तत्कालीन बनारस) में हुआ था। उनके पिता रामदेव राय एक ज़मींदार थे, जो एक संगीत प्रेमी व्यक्ति थे। उन्होंने पाँच वर्ष की आयु में ही गिरिजा देवी जी के लिए संगीत की शिक्षा की व्यवस्था कर दी थी। गिरिजा देवी जी के प्रारम्भिक संगीत गुरु पण्डित सरयू प्रसाद मिश्र थे। नौ वर्ष की आयु में पण्डित श्रीचन्द्र मिश्र से उन्होंने संगीत की विभिन्न शैलियों की शिक्षा प्राप्त की। इस अल्प आयु में ही एक हिन्दी फ़िल्म ‘याद रहे’ में गिरिजा देवी जी ने अभिनय भी किया था। गिरिजा देवी जी के गुरु पंडित सरजू प्रसाद मिश्र ‘शास्त्रीय संगीत’ के मूर्धन्य गायक थे। गिरिजा जी कि खनकती हुई आवाज़ जहाँ दुसरी गायिकाओं से उन्हें विशिष्ट बनाती है, वहीँ उनकी ठुमरी, कजरी और चैती में बनारस का ख़ास लहज़ा और विशुद्धता का पुट उनके गायन में विशेष आकर्षण पैदा करता है। उनका विवाह १९४६ में एक व्यवसायी परिवार में हुआ था। उन दिनों कुलीन विवाहिता स्त्रियों द्वारा मंच प्रदर्शन अच्छा नहीं माना जाता था। १९४९ में गिरिजा देवी जी ने अपना पहला प्रदर्शन इलाहाबाद के आकाशवाणी केन्द्र से किया। यह देश की स्वतंत्रता के तत्काल बाद का उन्मुक्त परिवेश था, जिसमें अनेक रूढ़ियाँ टूटी थीं। संगीत के क्षेत्र में पण्डित विष्णु नारायण भातखंडे और पण्डित विष्णु दिगम्बर पलुस्कर ने स्वतंत्रता से पहले ही भारतीय संगीत को जन-जन में प्रतिष्ठित करने का जो आन्दोलन छेड़ रखा था, उसका सार्थक परिणाम देश की आज़ादी के पश्चात् तेजी से दृष्टिगोचर होने लगा था।
शास्त्रीय और उप-शास्त्रीय संगीत में निष्णात गिरिजा देवी जी की गायकी में ‘सेनिया’ और ‘बनारस घराने’ की अदायगी का विशिष्ट माधुर्य, अपनी पाम्परिक विशेषताओं के साथ विद्यमान है। ध्रुपद, ख़्याल, टप्पा, तराना, सदरा, ठुमरी और पारम्परिक लोक संगीत में होरी, चैती, कजरी, झूला, दादरा और भजन के अनूठे प्रदर्शनों के साथ ही उन्होंने ठुमरी के साहित्य का गहन अध्ययन और अनुसंधान भी किया है। भारतीय शास्त्रीय संगीत के समकालीन परिदृश्य में वे एकमात्र ऐसी वरिष्ठ गायिका हैं, जिन्हें पूरब अंग की गायकी के लिए विश्वव्यापी प्रतिष्ठा प्राप्त है। गिरिजा देवी ने पूरबी अंग की कलात्मक विरासत को अत्यन्त मोहक और सौष्ठवपूर्ण ढंग से उद्घाटित करने का महती काम किया है। संगीत मे उनकी सुदीर्घ साधना हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के मूल सौन्दर्य और सौन्दर्यमूलक ऐश्वर्य की पहचान को अधिक पारदर्शी भी बनाकर प्रकट करती है।
गिरिजा देवी जी आधुनिक और स्वतंत्रता पूर्व काल की पूरब अंग की बोल-बनाव ठुमरियों की विशेषज्ञ और संवाहिका हैं। आधुनिक उपशास्त्रीय संगीत के भण्डार को उन्होंने समृद्ध किया है। उनकी उप-शास्त्रीय गायकी में परम्परावादी पूरबी अंग की छटा एक अलग ही सम्मोहन पैदा करती है। ख़्याल गायन से कार्यक्रम का आरम्भ करने वाली गिरिजा जी ठुमरी, चैती, कजरी, झूला आदि भी उतनी ही तन्मयता और ख़ूबसूरती से गाती थी कि श्रोता झूम उठते थे।
गायकी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष १९७२ में ‘पद्मश्री’ और वर्ष १९८९ में ‘पद्मभूषण’ से सम्मानित किया गया था। गिरिजा देवी ‘संगीत नाटक अकादमी’ द्वारा भी सम्मानित की जा चुकी हैं।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here