तारसप्तक के पहले कवि गजानन माधव ‘मुक्तिबोध’

हिंदी साहित्य के प्रगतिशील कवि, आलोचक, निबंधकार, कहानीकार तथा उपन्यासकार स्व. गजानन माधव ‘मुक्तिबोध’। मुक्तिबोध जी हिन्दी साहित्य की स्वातंत्र्योत्तर प्रगतिशील काव्यधारा के शीर्ष व्यक्तित्व थे। हिन्दी साहित्य में सर्वाधिक चर्चा के केन्द्र में रहने वाले मुक्तिबोध कहानीकार भी थे और समीक्षक भी। उन्हें प्रगतिशील कविता और नयी कविता के बीच का एक सेतु भी माना जाता है। मुक्तिबोध तारसप्तक के पहले कवि थे। मनुष्य की अस्मिता, आत्मसंघर्ष और प्रखर राजनैतिक चेतना से समृद्ध उनकी कविता पहली बार ‘तार सप्तक’ के माध्यम से सामने आई, लेकिन उनका कोई स्वतंत्र काव्य-संग्रह उनके जीवनकाल में प्रकाशित नहीं हो पाया।

मुक्तिबोध मूलत: कवि हैं। उनकी आलोचना उनके कवि व्यक्तित्व से ही नि:सृत और परिभाषित है। वही उसकी शक्ति और सीमा है। उन्होंने एक ओर प्रगतिवाद के कठमुल्लेपन को उभार कर सामने रखा, तो दूसरी ओर नयी कविता की ह्रासोन्मुखी प्रवृत्तियों का पर्दाफ़ाश किया। यहाँ उनकी आलोचना दृष्टि का पैनापन और मौलिकता असन्दिग्ध है। उनकी सैद्धान्तिक और व्यावहारिक समीक्षा में तेजस्विता है। जयशंकर प्रसाद, शमशेर, कुँवर नारायण जैसे कवियों की उन्होंने जो आलोचना की है, उसमें पर्याप्त विचारोत्तेजकता है और विरोधी दृष्टि रखने वाले भी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। काव्य की सृजन प्रक्रिया पर उनका निबन्ध महत्त्वपूर्ण है। ख़ासकर फैण्टेसी का जैसा विवेचन उन्होंने किया है, वह अत्यन्त गहन और तात्विक है। उन्होंने नयी कविता का अपना शास्त्र ही गढ़ डाला है। पर वे निरे शास्त्रीय आलोचक नहीं हैं। उनकी कविता की ही तरह उनकी आलोचना में भी वही चरमता है, ईमान और अनुभव की वही पारदर्शिता है, जो प्रथम श्रेणी के लेखकों में पाई जाती है।

मुक्तिबोध ने कविताओं के अलावा कहानियां भी लिखीं। उनकी कहानियां भी कविताओं का ही विस्‍तार और कई बार उनका पूर्वाभ्‍यास लगती हैं। कहानियों में भी वही जटिलता और संश्लिष्‍ट बिंबों वाली भाषा मौजूद है, जो उनकी कविताओं की विशिष्‍टता है। मुक्तिबोध ने हिंदी आलोचना में भी महत्‍वपूर्ण योगदान किया। उन्‍होंने ‘कामायनी : एक पुनर्विचार’ पुस्‍तक के जरिये कामायनी पर चली आ रही तमाम बहसों को एक नये स्‍तर तक उठा दिया। उन्‍होंने कामायनी को एक विशाल फैंटेसी के रूप में पढ़ने की कोशिश की, जिसमें ढहते हुए सामंती मूल्‍यों की छाया स्‍पष्‍ट देखी जा सकती है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here